जिला चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का फायर ऑडिट, स्टाफ को दिया गया फायर एक्सटिंग्विशर चलाने का प्रशिक्षण

मुरादाबाद: जिला चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश से मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशन में व्यापक फायर ऑडिट किया गया। इस दौरान फायर सेफ्टी ऑफिसर ज्ञान प्रकाश शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा अस्पताल परिसर में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा उपकरणों की गहन जांच की गई।

फायर ऑडिट के अंतर्गत अस्पताल में लगे फायर हाइड्रेंट, स्प्रिंकलर सिस्टम, फायर अलार्म सिस्टम, स्मोक डिटेक्टर तथा फायर एक्सटिंग्विशर की स्थिति का निरीक्षण कर उनकी कार्यक्षमता की जांच की गई। साथ ही सुरक्षा मानकों के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों एवं स्टाफ को आपात स्थिति में आग पर नियंत्रण पाने के लिए फायर एक्सटिंग्विशर एवं सीओ₂ फायर एक्सटिंग्विशर का सही तरीके से उपयोग करने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। टीम द्वारा मौके पर ही डेमोंस्ट्रेशन कर सभी को व्यावहारिक जानकारी दी गई, जिससे आग लगने की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अग्निशमन विभाग ने अस्पताल प्रशासन से अग्नि सुरक्षा उपकरणों का नियमित रखरखाव कराने तथा समय-समय पर प्रशिक्षण आयोजित कराने की अपील की, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि से बचाव किया जा सके।