आईआरसीटीसी की भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा का सुनहरा अवसर, गोरखपुर से चलेगी विशेष ट्रेन

लखनऊ।धार्मिक यात्राओं के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए आईआरसीटीसी एक खास मौका लेकर आया है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईआरसीटीसी) द्वारा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के माध्यम से 7 ज्योतिर्लिंग यात्रा का विशेष पैकेज संचालित किया जा रहा है। यह यात्रा गोरखपुर रेलवे स्टेशन से प्रारंभ होगी, जिसमें यात्रियों को देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।

आईआरसीटीसी भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अंतर्गत एक केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है, जिसे रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में खानपान व आतिथ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है। इसी क्रम में आईआरसीटीसी द्वारा यह विशेष धार्मिक टूर पैकेज चलाया जा रहा है, जिसमें उज्जैन स्थित महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात में द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी और कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग तथा संभाजी नगर में स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग सहित अन्य स्थानीय मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे।

यह यात्रा 27 अप्रैल 2026 से 08 मई 2026 तक संचालित होगी, जिसकी अवधि कुल 11 रात और 12 दिन की होगी। इस भारत गौरव ट्रेन में कुल 751 बर्थ उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें 2 एसी श्रेणी में 49 सीटें, 3 एसी श्रेणी में 210 सीटें और स्लीपर श्रेणी में 492 सीटें शामिल हैं। यात्रियों के लिए ट्रेन में चढ़ने और उतरने की सुविधा गोरखपुर के अलावा मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और ललितपुर स्टेशन पर भी उपलब्ध रहेगी।

आईआरसीटीसी द्वारा उपलब्ध कराए गए इस पैकेज में 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर क्लास यात्रा के साथ नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि का शाकाहारी भोजन शामिल है। साथ ही यात्रियों को स्थानीय भ्रमण के लिए एसी और नॉन एसी बसों की सुविधा भी दी जाएगी। इकोनॉमी श्रेणी यानी स्लीपर क्लास में पैकेज मूल्य 23,500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, जबकि 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए यह 22,160 रुपये निर्धारित है। स्टैंडर्ड श्रेणी यानी 3 एसी में यात्रा करने पर पैकेज का मूल्य 40,000 रुपये प्रति व्यक्ति तथा बच्चों के लिए 38,430 रुपये है। वहीं कम्फर्ट श्रेणी यानी 2 एसी में पैकेज का मूल्य 53,260 रुपये प्रति व्यक्ति और बच्चों के लिए 51,370 रुपये निर्धारित किया गया है।

आईआरसीटीसी ने यह भी बताया कि इस यात्रा में एलटीसी और ईएमआई की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ईएमआई की सुविधा आईआरसीटीसी पोर्टल पर उपलब्ध सरकारी एवं गैर सरकारी बैंकों के माध्यम से ली जा सकती है। यह बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। इच्छुक यात्री पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं या फिर आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है, जिसमें कम समय और सुविधाजनक व्यवस्था के साथ देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए जाएंगे।