सीआरपीएफ 95वीं बटालियन का 38वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

वाराणसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन का 38वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत बटालियन के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर द्वारा पौधारोपण कर की गई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इसके बाद उन्होंने मेले का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर ने अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ अपनी वीरता, अनुशासन और पेशेवराना अंदाज के लिए देशभर में जानी जाती है और भारत के सुरक्षा तंत्र में इसकी अहम भूमिका है। उन्होंने बल के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि सीआरपीएफ के जवान हमेशा देश की सेवा के लिए समर्पित रहे हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे।कमांडेंट ने अपने संबोधन में जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान की सराहना की और उनके परिवारजनों का भी आभार व्यक्त किया, जो हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि देश को सीआरपीएफ के जांबाजों पर गर्व है,स्थापना दिवस के अवसर पर मेले का आयोजन किया गया, जिसमें जवानों और उनके परिवारों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें ग्लास-बॉल, मटका डंडा, फुटबॉल टायर, बच्चों के लिए जलेबी रेस तथा महिलाओं के लिए म्यूजिक चेयर जैसी रोचक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।प्रतियोगिताओं में विजेताओं को श्रीमती अर्चना बालापुरकर के हाथों पुरस्कार वितरित किए गए। इस दौरान श्रीमती सुनीता सिंह एवं श्रीमती रिंकू भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।मेले की खास बात यह रही कि इसमें देश के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध व्यंजनों और पेय पदार्थों के स्टॉल लगाए गए थे, जिनका सभी ने भरपूर आनंद उठाया।इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी आलोक कुमार, असिस्टेंट कमांडेंट अभिषेक सिंह, रंजन सिंह, शिव कुमार दीक्षित, अभिषेक कुमार, निरीक्षक कमलेश कुमार यादव, प्रिंस सिंह, अनिल कुमार यादव, विवेक राय, डी.पी. सिंह, प्रवीण सिंह सहित बटालियन के कई अधिकारी एवं जवान अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान उत्साह, एकता और पारिवारिक माहौल देखने को मिला, जिसने इस स्थापना दिवस समारोह को यादगार बना दिया।