मुरादाबाद रेलवे कॉलोनी में चोरी, रेलवे में कार्य करने वाले बाबू के घर से जेवर-नकदी पार

मुरादाबाद रेलवे कॉलोनी में चोरी, रेलवे में कार्य करने वाले बाबू के घर से जेवर-नकदी पार

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, CCTV खंगाले जा रहे

मुरादाबाद में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे कॉलोनी का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने रेलवे विभाग में कार्यरत एक बाबू के घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार घटना के समय रिश्तेदारी में हरिद्वार गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया और पहले पूरे मकान की तलाशी ली। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी को तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी चुरा ले गए। और साथ ही वाह रखे कुछ और जेवरात वही छोड़ गए जब परिवार वापस लौटा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई मिली। चोरी की जानकारी मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सुनीता चौधरी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।

इस मामले में पुलिस ने बताया कि उन्हें दोपहर करीब 12 बजे चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेगी।

वहीं जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि चोरों ने अलमारी के कुछ लॉकर में रखे सोने-चांदी के आभूषण वहीं छोड़ दिए, जिसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है और लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।