मुंगेली में राजस्व वसूली अभियान तेज, बकायादारों पर सख्ती

मुंगेली। वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा राजस्व वसूली अभियान को और अधिक तेज कर दिया गया है। नगर क्षेत्र में संपत्ति कर,समेकित कर,जलकर, दुकान किराया,यूजर चार्ज एवं अन्य करों की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने हेतु पालिका प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है।
नगर पालिका द्वारा बकायादारों को पूर्व में नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने हेतु निर्देशित किया गया था, किंतु अनेक करदाताओं/दुकानदारों द्वारा अब तक भुगतान नहीं किया गया है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका की कुल वार्षिक मांग का अधिकांश हिस्सा वसूल किया जा चुका है, किंतु शेष बकाया की वसूली हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में राजस्व अमला घर-घर एवं दुकान-दुकान पहुंचकर वसूली कर रहा है। साथ ही जलकर बकायादारों के नल कनेक्शन विच्छेद करने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि जिन दुकानदारों द्वारा दुकान किराया जमा नहीं किया गया है, उनके विरुद्ध दुकानों को सील (बंद) करने की कार्यवाही की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार संपत्ति कुर्की एवं नीलामी की कार्यवाही भी नियमानुसार की जाएगी। बकायादारों की सूची सार्वजनिक करने एवं अन्य वैधानिक कार्यवाही करने की भी तैयारी की जा रही है।पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना समस्त बकाया कर/किराया नगर पालिका परिषद में जमा कर रसीद प्राप्त करें, अन्यथा नियमानुसार अधिभार के साथ कठोर कार्यवाही की जाएगी।
नगर पालिका परिषद मुंगेली ने नागरिकों से राजस्व वसूली अभियान में सहयोग करने की अपील की है, जिससे नगर के विकास कार्यों को गति मिल सके