उड़ीसा राज्यपाल से मिले पीआईबी टूर पर वाराणसी के पत्रकार, कौशल विकास मॉडल पर हुई अहम चर्चा..….....काशी से गए पत्रकारों ने राज्यपाल से की भेंट, विकास और कौशल मॉडल पर हुई चर्चा......

काशी घाट का मेमोटो भेंटकर किया सम्मान

भुवनेश्वर, नई दिल्ली।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), वाराणसी द्वारा आयोजित ओडिशा मीडिया टूर के चौथे दिन वाराणसी से आए पत्रकारों के दल ने गुरुवार को ओडिशा के राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभमपति से लोकभवन/राजभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के विकास मॉडल, विशेषकर कौशल विकास की दिशा में हो रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल ने कहा कि ओडिशा आज स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में तेजी से उभरता हुआ अग्रणी राज्य बन चुका है। संतुलित विकास नीति और प्रभावी वित्तीय प्रबंधन के चलते राज्य ने रेवेन्यू सरप्लस की स्थिति हासिल की है। उन्होंने भुवनेश्वर स्थित वर्ल्ड स्किल सेंटर (डब्ल्यूएससी) का उल्लेख करते हुए बताया कि यह संस्थान फिनिशिंग स्कूल के रूप में कार्य करता है, जहां युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निजी क्षेत्र के सहयोग से कौशल विकास को बढ़ावा दे रही है। कई स्किल ट्रेनिंग सेंटर अब प्रोडक्शन यूनिट के रूप में भी विकसित हो रहे हैं, जिससे प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर भी सृजित हो रहे हैं। राज्यपाल ने ओडिशा के प्राकृतिक संसाधनों, बेहतर कनेक्टिविटी तथा स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में हो रही प्रगति पर भी प्रकाश डाला। साथ ही वाराणसी और ओडिशा के बीच प्राचीन सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को भी रेखांकित किया।
मुलाकात के दौरान पीआईबी वाराणसी के मीडिया एवं संचार अधिकारी प्रशांत कक्कड़ ने वाराणसी के प्रसिद्ध जीआई उत्पाद ?सॉफ्ट स्टोन जालीदार अंडरकट कला? से निर्मित हाथी की प्रतिकृति राज्यपाल को भेंट की। वहीं मीडिया टूर पर आए प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को काशी घाट का मेमोटो भेंट कर उनका स्वागत भी किया। यह भेंट वाराणसी की सांस्कृतिक पहचान और गंगा तट की विरासत का प्रतीक रही।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों ने राज्य की विकास योजनाओं और कौशल विकास मॉडल की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पीआईबी वाराणसी के प्रशांत कक्कड़ एवं पीआईबी उड़ीसा के पार्थ के नेतृत्व में आयोजित इस मीडिया टूर में संतोष कुमार सिंह, अमरीश सिंह, प्रदीप कन्नौजिया, प्रशांत कुमार, प्रशांत सिंह, विजय शर्मा, एकता मिश्रा, राधेश्याम कमल, लियाकत अली, अर्चित, रवि यादव सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।