प्रयागराज में अंतर मंडलीय रेलवे फुटबॉल लीग चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ

प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में बुधवार को अंतर मंडलीय रेलवे फुटबॉल लीग चैंपियनशिप-2026 का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने किया। इस मौके पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं मंडल वित्त प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

उद्घाटन मैच प्रयागराज मंडल और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के बीच खेला गया, जिसमें प्रयागराज मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आरपीएफ को 5-0 से करारी शिकस्त दी। खिलाड़ियों के उत्साहपूर्ण और अनुशासित खेल ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राकेश यादव जूनियर को ?मैन ऑफ द मैच? चुना गया।

मैच के निर्णायक मंडल में कबीर खान, योगेश चंद और विवेक शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष रूप से मुकाबले का संचालन किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल क्रीड़ा सचिव धर्मेंद्र कुमार निषाद और राकेश मिश्रा ने किया।

प्रतियोगिता के तहत दूसरा मुकाबला झांसी वर्कशॉप और उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय प्रयागराज के बीच खेला जाएगा। इस लीग में प्रयागराज, झांसी, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, आरपीएफ और झांसी कारखाना की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय को भी मजबूत कर रही है।