राजकीय महिला महाविद्यालय में रोजगार मेले का किया गया आयोजन

बिंदकी/ फतेहपुर,24 मार्च।राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बिंदकी में आज रोजगार सूचना एवं प्लेसमेंट समिति के तत्वावधान में जिला सेवायोजन कार्यालय, फतेहपुर के सहयोग से एक वृहद रोजगार मेले का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा महाविद्यालय की छात्राओं की काउंसलिंग एवं साक्षात्कार लिए गए। इस अवसर पर स्नातक, परास्नातक तथा पुरातन छात्राओं ने, जिन्होंने रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया था, बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साक्षात्कार दिया, जिससे छात्राओं में रोजगार के प्रति जागरूकता एवं आत्मविश्वास का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डाॅ.) सपना पाण्डेय ने छात्राओं के उत्साह एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं तथा इस प्रकार के आयोजनों को कैरियर निर्माण की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी बताया। जिला सेवायोजन अधिकारी श्री शशांक पांडेय ने अपनी टीम के साथ उपस्थित होकर छात्राओं की तात्कालिक समस्याओं का समाधान किया और उन्हें रोजगार संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। रोजगार एवं प्लेसमेंट समिति की प्रभारी डाॅ. अनुभा श्रीवास्तव ने पूरे कार्यक्रम का कुशलतापूर्वक संचालन एवं व्यवस्थापन करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी श्री शशांक पांडेय एवं विभिन्न कंपनियों से आए प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस रोजगार मेले में पुखराज हेल्थ केयर, रायबरेली से श्रीमती संगीता, प्राइम कनेक्ट सर्विसेज, फतेहपुर से अविनाश तथा भारतीय जीवन बीमा निगम से देशदीप शुक्ला सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर छात्राओं का मार्गदर्शन एवं चयन प्रक्रिया संपन्न की, जिससे यह आयोजन छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए नए अवसरों के द्वार खुले।