मुरादाबाद: होटल में पुलिस का बड़ा छापा, 3 महिलाएं व 11 युवक हिरासत में; भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद बुद्ध बाजार चौकी इंचार्ज सुनीता चौधरी को मिली बड़ी सफलता।

मुरादाबाद के बुध बाजार इलाके में शनिवार शाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में छापा मारकर 3 महिलाओं और 11 युवकों को आपत्तिजनक हालत में हिरासत में लिया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देर तक लोगों की भीड़ मौके पर जुटी रही।

पुलिस के अनुसार, बुध बाजार चौकी इंचार्ज सुनीता चौधरी को शाम करीब पांच बजे सूचना मिली थी कि हिंदू कॉलेज के सामने स्थित शेरे पंजाब होटल में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल होटल में दबिश दी और एक साथ कई कमरों की तलाशी ली।

कमरों में मिली आपत्तिजनक स्थिति, भागने की कोशिश नाकाम

छापेमारी के दौरान अलग-अलग कमरों में युवक और महिलाएं संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान अधिकांश लोग स्पष्ट जानकारी देने से बचते नजर आए, जिसके बाद सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया गया।

नकदी, मोबाइल और अन्य सामान बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 26,520 रुपये नकद, 17 मोबाइल फोन, 23 कंडोम, 2 खाली रैपर और 15 सेक्स संबंधी गोलियां बरामद कीं। बरामदगी के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

होटल संचालन पर उठे सवाल, इलाके में सनसनी

घटना की जानकारी मिलते ही बुध बाजार क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने बताया कि होटल का मालिक पंजाब का रहने वाला है और हाल ही में इसे किराए पर देकर संचालन शुरू किया गया था। घटना के बाद होटल की गतिविधियों पर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस बोली जांच जारी, सख्त कार्रवाई होगी

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस की सतर्कता और सख्ती की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।