लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई डिजिटल लॉकर सुविधा, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

लुधियाना। यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फिरोजपुर मंडल ने लुधियाना रेलवे स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सुविधा की शुरुआत कर दी है। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को अपने सामान को सुरक्षित रखने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

अब यात्री अपने बैग और अन्य सामान को डिजिटल लॉकर में सुरक्षित रूप से रख सकेंगे, जिससे उन्हें स्टेशन पर या शहर में घूमते समय सामान साथ लेकर चलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा। यह सुविधा खासतौर पर उन यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी, जिन्हें ट्रेन के इंतजार के दौरान कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना होता है।

डिजिटल लॉकर सुविधा के तहत यात्री अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित समय के लिए लॉकर बुक कर सकते हैं। इसका किराया भी समयावधि के आधार पर तय किया गया है, जिससे यात्रियों को लचीला और किफायती विकल्प मिल सके।

लॉकर उपयोग की प्रक्रिया भी पूरी तरह डिजिटल और आसान रखी गई है। यात्री को लॉकर पैनल पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा, जिसके बाद ओटीपी प्राप्त होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद यात्री लॉकर का चयन कर क्यूआर कोड स्कैन करके ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे।

इस सुविधा के शुरू होने से न केवल यात्रियों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा, बल्कि उनके सामान की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। रेलवे के इस कदम को यात्रियों की सुविधा और स्टेशन आधुनिकीकरण की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।