हरदोई में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मारपीट का आरोप, सिटी मजिस्ट्रेट ने बुजुर्ग व्यापारी को मारे थप्पड़, उठे सवाल

हरदोई। शहर के नुमाइश चौराहे पर चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान विवाद की स्थिति पैदा हो गई। अभियान का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी कर रहे थे, जिसमें नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी, यातायात पुलिस निरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
अभियान के दौरान आरोप है कि अतिक्रमण हटाने में देरी होने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने एक बुजुर्ग ठेला व्यापारी राकेश को तीन थप्पड़ मार दिए। बताया जा रहा है कि मौके पर मौजूद एक अन्य ठेला विक्रेता अजय (करीब 50 वर्ष), जो खीरा बेच रहे थे, उन्हें भी थप्पड़ मारा गया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति इस घटना से काफी घबरा गया और कांपने लगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस मारपीट ने स्थानीय लोगों के बीच चर्चा और असंतोष का माहौल पैदा कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के दौरान प्रशासन को संवेदनशीलता और संयम बरतना चाहिए, खासकर गरीब और छोटे व्यापारियों के प्रति। वहीं कुछ लोगों ने इस घटना को सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाला बताया।
गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने कई बार अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान गरीबों के प्रति सहानुभूति बरतने की बात कही है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। इससे पहले भी सिटी मजिस्ट्रेट विवादों में रहे है, इनके द्वारा बोर्ड उखाड़ने को लेकर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष से बहस हुई थी। जो काफी चर्चा में रही। अतिक्रमण हटाओ अभियान में ही एक सेंट जेम्स के छात्र व एक बस चालक के भी इनके द्वारा थप्पड़ मारे जा चुके हैं।
फिलहाल इस मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।