चैत्र नवरात्र की शुरुआत आज से, वैष्णो देवी सहित सभी मंदिरों को सजाया गया; उमड़ा आस्था का सैलाब

चैत्र नवरात्र की शुरुआत आज से, वैष्णो देवी सहित सभी मंदिरों को सजाया गया; उमड़ा आस्था का सैलाब

चैत्र नवरात्र वीरवार से शुरू हो रहे हैं, जिसके लिए वैष्णो देवी सहित शहर के प्रमुख देवी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। श्रद्धालु नौ दिनों तक माता के नौ रूपों की पूजा करेंगे। बावे वाली माता मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुलेंगे, जहां चार क्विंटल फूलों से आकर्षक सजावट की गई है। डीसी ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कौल कंडोली और महामाया मंदिरों में भी तैयारियां पूरी हैं।

जम्मू में चैत्र नवरात्र के लिए मंदिर भव्य रूप से सजे।

बावे वाली माता मंदिर में चार क्विंटल फूलों से सजावट।

प्रशासन ने भक्तों की सुविधाओं के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

जम्मू। चैत्र नवरात्र का पावन पर्व वीरवार से शुरू हो रहा है, जिसके लिए जिले सहित शहरभर के प्रमुख देवी मंदिरों को भव्य रूप से सजा दिया गया है। माता वैष्णो देवी मंदिर को भी खूबसूरती से सजाया गया है। श्रद्धालु भी नौ दिन तक माता के नौ रूपों की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। साथ ही मां के स्वागत के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शहर के प्रमुख बावे वाली माता मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुल जाएंगे, ताकि श्रद्धालु मां के दर्शन कर पर्व की शुरुआत व आशीर्वाद प्राप्त कर सकें। मंदिर के महंत बिट्टा पुजारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और भक्ति भाव को ध्यान में रखते हुए पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

मंदिर परिसर रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा रहा है। इसमें विभिन्न किस्मों के फूलों का भी इस्तेमाल किया गया है। बारिश के कारण बुधवार को सजावट का कार्य पूरी तरह संपन्न नहीं हो पाया। लेकिन सुबह चार बजे मंदिर फूलों से सजा हुआ मिलेगा।

इस बार सजावट में करीब चार क्विंटल फूलों का इस्तेमाल किया गया है। प्रयास है कि स्थानीय, विशेषकर जम्मू क्षेत्र के फूलों से ही माता के दरबार को सजाया जाए और विभिन्न रंगों के फूलों से आकर्षक स्वरूप दिया जाए। नौ दिनों तक मंदिर को निरंतर फूलों से सजाया जाएगा और हर दो दिन बाद बदला जाएगा। मंदिर परिसर में प्रतिदिन लंगर का आयोजन भी किया जाएगा।

दर्शन व्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए महंत बिट्टा ने बताया कि श्रद्धालु सुबह चार बजे से दर्शन कर सकेंगे। दोपहर एक से दो बजे तक मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इसके बाद रात नौ बजे तक दर्शन जारी रहेगा। इस बीच, जिला प्रशासन भी व्यवस्थाओं को लेकर सक्रिय है।

डीसी ने दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा

बुधवार को डीसी राकेश मिन्हास और एडीसी जम्मू ने मंदिर परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्र में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

कौल कंडोली और महामाया में भी प्रबंध पूरे

नवरात्र के चलते माता कौल कंडोली मंदिर, माहमाया मंदिर, श्री रघुनाथ जी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों को रंगरोगन के साथ फूलों व झालरों से सजाया गया है। साथ ही अन्य सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं। बावे वाली माता मंदिर में मंदिर पर लगा ध्वज बदला गया।

नवरात्र के लिए श्रद्धालुओं ने की जमकर खरीदारी

चैत्र नवरात्र की पूर्व संध्या तक शहर के बाजार श्रद्धालुओं से गुलजार रहे। इस दौरान उन्होंने मां की चुनरी, थाल सहित अन्य पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी की। इसके अलावा घरों में भी कलश स्थापना की तैयारियां पूर्ण की हैं।