दांतों की अनदेखी बन सकती है गंभीर बीमारियों का कारण: डॉ. नवाज 20 मार्च को मनाया जाएगा वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे

रायपुर। 20 मार्च को मनाए जाने वाले ओरल हेल्थ डे (मौखिक स्वास्थ्य दिवस) के अवसर पर दंत चिकित्सक डॉ. एम.एस. नवाज ने लोगों से दांतों और मुंह के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दांतों और मुंह की सफाई को नजरअंदाज करना केवल दांतों के लिए ही नहीं बल्कि पूरे शरीर के लिए गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। डॉ. नवाज ने बताया कि मौखिक स्वास्थ्य हमारे समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मुंह को शरीर का मुख्य द्वार माना जाता है, क्योंकि भोजन और पोषण इसी के माध्यम से शरीर तक पहुंचता है। यदि मुंह में सड़े हुए दांत या संक्रमण लंबे समय तक बने रहते हैं तो इससे शरीर के अन्य हिस्सों में भी संक्रमण फैल सकता है। उन्होंने बताया कि खराब मौखिक स्वास्थ्य से बदबूदार सांस, चेहरे में सूजन, गले और गर्दन में संक्रमण, मवाद बनना, सांस लेने में तकलीफ, बुखार और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा दांतों के संक्रमण से साइनसाइटिस, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। डॉ. नवाज ने बताया कि मुंह में मौजूद बैक्टीरिया खून के माध्यम से हृदय तक पहुंचकर हृदय के वाल्व को प्रभावित कर सकते हैं। वहीं खराब मौखिक स्वच्छता का संबंध मधुमेह, हृदय रोग, समय से पहले प्रसव और कुछ मामलों में अल्जाइमर जैसी बीमारियों से भी देखा गया है। उन्होंने कहा कि हर साल 20 मार्च को वर्ल्ड ओरल हेल्थ डे मनाने का उद्देश्य लोगों को दांतों और मसूड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। यह दिन लोगों को ओरल हाइजीन की महत्वता समझाने और मुंह से जुड़ी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रेरित करता है। एक स्वस्थ मुस्कान व्यक्ति के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को भी मजबूत बनाती है। डॉ. नवाज ने विशेष रूप से मधुमेह के मरीजों को दांतों की देखभाल पर अधिक ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि डायबिटीज के मरीजों में मसूड़ों के संक्रमण और दांत गिरने की संभावना अधिक होती है, इसलिए उन्हें नियमित रूप से दंत जांच करानी चाहिए।

दांतों को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी सावधानियां

दिन में कम से कम दो बार ब्रश करें

मीठे और चिपचिपे खाद्य पदार्थों का कम सेवन करें

जीभ की भी नियमित सफाई करें

विटामिन-सी युक्त फल और हरी सब्जियों का सेवन करें

दूध, दही और पनीर को आहार में शामिल करें

हर 3 महीने में ब्रश बदलें

साल में कम से कम एक बार दंत चिकित्सक से जांच कराएं

तंबाकू, धूम्रपान और शराब से दूर रहें

उन्होंने कहा कि ?स्वस्थ दांत केवल सुंदरता के लिए नहीं बल्कि अच्छे स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए जरूरी हैं। रोकथाम हमेशा इलाज से बेहतर और सस्ती होती है, इसलिए समय रहते दांतों की सही देखभाल करना जरूरी है।