हरदोई में डीएम ने गैस एजेंसियों का किया औचक निरीक्षण, निर्धारित समय पर वितरण के दिए निर्देश, कहा- बुकिंग से संबंधित जानकारी एजेंसी के बाहर चस्पा की जाएं

हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को नगर क्षेत्र की गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिंदपीर चौराहा स्थित दो गैस एजेंसियों का दौरा किया और उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि एजेंसी के बाहर यह सूचना चस्पा नहीं की गई थी कि नई बुकिंग अंतिम बुकिंग के 25 दिन बाद ही की जा सकती है। सूचना न होने के कारण कई उपभोक्ता अनावश्यक रूप से एजेंसी के बाहर खड़े दिखाई दिए। इस पर डीएम ने संबंधित एजेंसी प्रबंधक को निर्देशित किया कि बुकिंग से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां एजेंसी के बाहर स्पष्ट रूप से चस्पा की जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और भीड़ भी न लगे।
जिलाधिकारी ने एजेंसी प्रबंधकों को यह भी निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की बुकिंग होने के बाद 48 से 72 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में एजेंसी परिसर में अनावश्यक भीड़ नहीं लगनी चाहिए और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध पाया गया और कहीं भी गैस रिफिल की कमी नहीं मिली। जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना एजेंसियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार और पूर्ति निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।