दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक ने सिवनी–नैनपुर रेलखंड का किया व्यापक निरीक्षण, संरक्षा पर दिया विशेष जोर

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने नागपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले सिवनी नैनपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिवनी और नैनपुर स्टेशनों के साथ-साथ नैनपुर केवलारी सेक्शन का भी विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के समय नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में शहडोल नागपुर एक्सप्रेस (11202) के रियर एसएलआर (ब्रेकयान) का एक पहिया नैनपुर केवलारी रेलखंड में खैररांजी प.ह. के पास पटरी से उतर गया था। इस घटना के मद्देनज़र महाप्रबंधक ने स्वयं संबंधित रेलखंड का निरीक्षण कर ट्रैक संरचना, रेल पथ की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैक की गुणवत्ता, रेल पथ के अनुरक्षण कार्य, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग की स्थिति, सिग्नल एवं दूरसंचार व्यवस्था, स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं तथा यात्री सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से घटना के कारणों और उसके बाद किए गए सुधारात्मक उपायों की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेल संरचना के अनुरक्षण में उच्चतम मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की नियमित एवं गहन जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा भारतीय रेल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रेल परिचालन, संरक्षा संबंधी पहलुओं तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए रेल सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय बनाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नागपुर मंडल के इंजीनियरिंग, वाणिज्य, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।