इज्जतनगर मंडल में रेल अधिकारियों के लिए बहुउद्देशीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर व जीवनशैली जनित रोगों पर संगोष्ठी आयोजित

इज्जतनगर। रेलवे अधिकारी क्लब, रोड नंबर-2 इज्जतनगर में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग के निर्देशन में इज्जतनगर मंडल के राजपत्रित रेल अधिकारियों के लिए बहुउद्देशीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर तथा जीवनशैली जनित रोगों पर एक बृहद संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव शर्मा सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उपस्थित अधिकारियों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। चिकित्सकों ने बताया कि बदलती जीवनशैली और बढ़ते कार्यभार के कारण अनेक प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराना और संतुलित जीवनशैली अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

शिविर के दौरान मंडल चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा लगभग 40 राजपत्रित रेल अधिकारियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान हृदय, दंत, नेत्र, हड्डी तथा स्त्री रोग से संबंधित जांचें की गईं। साथ ही रक्त परीक्षण के अलावा अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से बी.एम.डी. (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच भी की गई। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत चिकित्सकों ने सभी को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया तथा जरूरत के अनुसार दवाएं भी वितरित की गईं।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार के स्वास्थ्य का ध्यान रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खुश मन और स्वस्थ शरीर एक-दूसरे के पूरक हैं। सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली अपनाने से व्यक्ति का दिल और दिमाग दोनों स्वस्थ रहते हैं।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोहर कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शंखधर, डॉ. ऋषभ गावा, डॉ. प्राची वर्मा, डॉ. विदुषी, डॉ. अदिति सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस स्वास्थ्य शिविर से अधिकारियों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने तथा समय पर चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करने का लाभ मिला।