हरदोई में भाभी की हत्या का आरोपी जेठ पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, रिश्तों को शर्मसार करके भागने की फिराक में था

हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र में भाभी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी जेठ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को शाम करीब 6:50 बजे सूचना मिली थी कि प्रतापपुर मजरा टिकारी गांव निवासी 25 वर्षीय मंजू पत्नी रामसेवक को उनके जेठ राजकुमार पुत्र चेतराम ने पीठ में गोली मारकर घायल कर दिया है। परिजन उन्हें उपचार के लिए सीएचसी कछौना ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के पति रामसेवक की तहरीर पर आरोपी राजकुमार के खिलाफ थाना कछौना में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। इसी क्रम में 13 और 14 मार्च की मध्यरात्रि को कछौना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सुठेहना फाटक की ओर से लखनऊ भागने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी राजकुमार के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।
सीओ बघौली प्रवीण यादव ने बताया कि आरोपी के पास से एक 315 बोर तमंचा, दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।