बिजनौर में अग्निशमन केंद्रों पर लेडर ड्रिल और उपकरणों की जांच

बिजनौर। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर वाहनों और उपकरणों की क्रियाशीलता बनाए रखने तथा फायर कर्मियों की कार्यकुशलता और शारीरिक दक्षता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नियमित मॉक ड्रिल कराई जा रही है।

इसी क्रम में 13 मार्च, शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ आर के पाण्डेय के निर्देशन में जिले के बिजनौर, नजीबाबाद, धामपुर, चाँदपुर और नगीना स्थित अग्निशमन केंद्रों पर विशेष लेडर ड्रिल का आयोजन किया गया।

इस दौरान सभी अग्निशमन कर्मियों को फॉलिन कराकर लेडर ड्रिल का अभ्यास कराया गया। प्रभारियों द्वारा फायर कर्मियों को लेडर के सभी प्रमुख पार्ट्स, उनके उपयोग और कार्यविधि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही लेडर में लगी रस्सियों की स्टैंडर्ड टेस्टिंग भी कराई गई, ताकि उनकी मजबूती और कार्यक्षमता सुनिश्चित की जा सके।

ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों को लेडर पर सुरक्षित तरीके से चढ़ने और उतरने का अभ्यास भी कराया गया। इसके अतिरिक्त अग्निशमन एवं जीवन रक्षा से जुड़े उपकरणों की जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की नियमित ड्रिल से फायर कर्मियों की तैयारी और दक्षता में सुधार होता है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।