हरदोई में 14-15 मार्च को एसआई भर्ती परीक्षा, 10 केंद्रों पर 3600 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, चार पालियों में होगी आयोजित

हरदोई। जिले में आगामी उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि यह परीक्षा 14 और 15 मार्च को आयोजित होगी, जिसमें लगभग 3600 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए बाहर से हरदोई आएंगे।
एसपी ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 10 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 10 अन्य मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस मानकों के अनुसार पर्याप्त पुलिस बल भी लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी के साथ बैठक कर सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा से पहले व्यवस्थाओं का रिहर्सल भी कराया गया, जिसके बाद डिब्रीफिंग के दौरान जो भी सुझाव और फीडबैक प्राप्त हुए थे, उन्हें तत्काल पूरा कर लिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एलआईयू, एसओजी और अन्य खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय किया गया है। ये टीमें लगातार जिले में भ्रमण कर रही हैं और आवश्यक सूचनाएं एकत्र कर रही हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जिले के प्रमुख बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क भी बनाई गई हैं, ताकि बाहर से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 14 और 15 मार्च को परीक्षा चार पालियों में आयोजित की जाएगी और प्रशासन का प्रयास है कि परीक्षा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए।