एटा: नेशनल मानवाधिकार संगठन ने निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबें लागू करने की उठाई आवाज, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।

*एटा: नेशनल मानवाधिकार संगठन ने निजी विद्यालयों में एनसीईआरटी की किताबें लागू करने की उठाई आवाज, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।*


*संवाददाता: रमेश जादौन सिटी अपडेट न्यूज़।*

एटा। नेशनल मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी यादव ने जनपद के निजी विद्यालयों में किताबों और ड्रेस के नाम पर हो रही मनमानी एवं अभिभावकों के आर्थिक शोषण पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी एटा को ज्ञापन सौंपा है।

अश्वनी यादव ने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश निजी विद्यालयों द्वारा एनसीईआरटी या सरकारी मानक पुस्तकों के स्थान पर महंगी और अनावश्यक निजी प्रकाशनों की किताबें अनिवार्य की जा रही हैं। इतना ही नहीं, लगभग हर वर्ष पुस्तकों का पूरा सेट बदल दिया जाता है और अभिभावकों को कुछ चुनिंदा दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है, जिससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई विद्यालयों द्वारा हर वर्ष ड्रेस का रंग, डिजाइन या पैटर्न बदल दिया जाता है, जिससे पुरानी ड्रेस अनुपयोगी हो जाती है और अभिभावकों को नई ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है। कई स्थानों पर ड्रेस भी केवल एक निर्धारित दुकान से ही खरीदने का दबाव बनाया जाता है, जिससे विद्यालय और दुकानों के बीच गठजोड़ की आशंका भी उत्पन्न होती है।

अश्वनी यादव ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनपद के सभी निजी विद्यालयों की बैठक बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा एनसीईआरटी की किताबें लागू करने, हर वर्ष ड्रेस बदलने की प्रथा पर रोक लगाने और किताबों एवं ड्रेस को किसी एक दुकान से खरीदने की बाध्यता समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय महासचिव पुष्पेंद्र यादव ने भी कहा कि शिक्षा सेवा का क्षेत्र है, व्यापार का नहीं। बच्चों की शिक्षा के नाम पर हो रही इस प्रकार की लूट को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस विषय पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पदाधिकारी की रही मौजूदगी इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे इनमें जिला अध्यक्ष विनय कुमार ग्राम अध्यक्ष अवनीश चौहान ब्लॉक अध्यक्ष डॉ संजय कुमार लोधी रिंकू कुमार यादव अनिल कुमार यादव रवीश कुमार पीयूष कुमार सचिन कुमार विकास कुमार मनोज कुमार गौरव यादव सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे सभी पदाधिकारी ने एक स्वर में कहा है कि शिक्षा के नाम पर हो रही लूट को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा संगठन ने यह भी घोषणा की है आने वाले समय में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अभिभावक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


रिपोर्ट: रमेश जादौन एटा।