रेलवे स्टेडियम में कर्मचारी जिम का उद्घाटन, डीआरएम ने किया लोकार्पण

रेलवे स्टेडियम में कर्मचारी जिम का उद्घाटन, डीआरएम ने किया लोकार्पण

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेलवे स्टेडियम परिसर में गुरुवार को रेलवे कर्मचारियों के लिए नवनिर्मित कर्मचारी व्यायामशाला (जिम) का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर जिम का लोकार्पण किया और इसे रेलवे कर्मचारियों के उपयोग के लिए समर्पित किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि कर्मचारियों के बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस को ध्यान में रखते हुए इस व्यायामशाला की स्थापना की गई है। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि फिट कर्मचारी ही बेहतर कार्यक्षमता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकते हैं।

मंडल खेलकूद अधिकारी विक्रम सिंह सैनी ने बताया कि इस नई व्यायामशाला को पूर्ण रूप से वातानुकूलित बनाया गया है तथा इसमें आधुनिक व्यायाम उपकरण एवं मशीनें स्थापित की गई हैं, जिससे कर्मचारियों को बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक करणी राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर, मुख्य परियोजना प्रबंधक (जीएसयू) सुनील कुमार, विभिन्न शाखा अधिकारियों, दोनों मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियनों एवं विभिन्न एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों, रेलवे खिलाड़ियों तथा कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के अंत में मंडल खेलकूद अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. विक्रम सिंह सैनी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।