सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कैंडल सभा, ट्रैक्टर-ट्राली यूनियन भी समर्थन में उतरी

श्रीगंगानगर शहर में मास्टर प्लान संघर्ष समिति द्वारा मास्टर प्लान के अनुसार सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करवाने और वर्ष 2015 में वेद प्रकाश जोशी की याचिका पर आए निर्णय के अनुसार नालियों को पीछे हटाकर बनाने की मांग को लेकर आज जहां एक ओर पवनपुरी में विचार सभा व कैंडल मार्च हुआ, वहीं दूसरी ओर धान मण्डी में सीटू की ट्रैक्टर ट्रॉली यूनियन ने संघर्ष समिति के समर्थन व सहयोग के लिए सभा का आयोजन किया और सड़कों के कब्जा मुक्ति अभियान को बुलंदी देने का ऐलान किया ।

टाइनी टोट्स स्कूल रोड, पवनपुरी गली नंबर 2 पर कैंडल सभा आयोजित की गई। इन सभाओं और कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, ट्रेड यूनियनों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर प्रशासन से मास्टर प्लान को लागू करने और सड़कों से अतिक्रमण हटाने की मांग की । इन दोनों सभाओं को आईडीपी नेता चुन्नी लाल पूनिया, संघर्ष समिति के संयोजक नरेश शर्मा, सीटू जिला उपाध्यक्ष साधु सिंह, रामबाबू शर्मा , एडवोकेट लक्ष्मीकांत सैनी, राकेश जोशी, रामफल बिश्नोई, अजयपाल चाहर, गोल्डी और कन्हैया लाल गेदर ने सम्बोधित किया । वक्ताओं ने कहा कि शहर में सुगम यातायात और विकास के लिए मास्टर प्लान की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करना जरूरी है। समिति ने शहरवासियों से जनहित के इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मास्टर प्लान लागू करवाने के संघर्ष को मजबूत करने की अपील की है।