रेलवे सुरक्षा को लेकर इज्जतनगर मंडल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया

रेलवे सुरक्षा को लेकर इज्जतनगर मंडल में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत रेलवे अधिकारियों की टीम ने गांवों और स्कूलों में पहुंचकर लोगों और बच्चों को रेल सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी और सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए जागरूक किया।

वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डॉ. हरीश रैडतोलिया के निर्देशन में इज्जतनगर मंडल के संरक्षा विभाग, रेल सुरक्षा बल और इंजीनियर विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष संरक्षा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अभियान के तहत टीम ने पीलीभीत?न्योरिया हुसैनपुर रेल खंड के बीच स्थित रेलवे समपार फाटकों, आसपास के गांवों तथा प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा अदालत का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को रेलवे सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

लोगों को बताया गया कि अनाधिकृत स्थानों से रेलवे ट्रैक पार करना बेहद खतरनाक होता है, इसलिए हमेशा रेलवे फाटक से ही ट्रैक पार करना चाहिए। इसके साथ ही मवेशियों को रेलवे ट्रैक के पास न चराने, गेटमैन पर अनावश्यक दबाव न डालने और क्षतिग्रस्त रेलवे फाटकों के पास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

टीम ने यह भी बताया कि रेलवे लाइन के पास खेलना, बैठना या पतंग उड़ाना दुर्घटना का कारण बन सकता है, इसलिए बच्चों और ग्रामीणों को इन गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही ओएचई मास्ट और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस दौरान उपस्थित लोगों को रेलवे सुरक्षा संबंधी संदेशों वाले हैंडबिल और पोस्टर भी वितरित किए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग रेल सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।