मां वैष्णो देवी के भक्तों पर नहीं हो रहा गर्मी का असर, जयकारे लगाते हुए बढ़ रहे आगे; चैत्र नवरात्र की तैयारियां तेज

मां वैष्णो देवी के भक्तों पर नहीं हो रहा गर्मी का असर, जयकारे लगाते हुए बढ़ रहे आगे; चैत्र नवरात्र की तैयारियां तेज

जम्मू में बढ़ती गर्मी के बावजूद, मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार है। प्रतिदिन भक्तों की संख्या बढ़ रही है, जो पूरे जोश और आस्था के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

बढ़ती गर्मी में भी वैष्णो देवी यात्रा में उत्साह बरकरार

चैत्र नवरात्र के लिए भवन पर तैयारियां जोरों पर

श्राइन बोर्ड श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं दे रहा है

कटड़ा। जम्मू में लगातार शुष्क मौसम और बढ़ते तापमान के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। तपती गर्मी के बीच भी भक्त जयकारे लगाते हुए पूरे जोश और आस्था के साथ भवन की ओर बढ़ रहे हैं। इससे यात्रा मार्ग पर दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है।

इन दिनों यात्रा में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। पवित्र भवन से लेकर आधार शिविर कटड़ा तक हर जगह श्रद्धालुओं की चहल-पहल है। दूर-दराज से आए भक्त पंजीकरण करवाकर परिवार सहित भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी भी कर रहे हैं। इससे बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है और व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं।

आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्र को लेकर तैयारियां भी तेज हो गई हैं। मां वैष्णो देवी भवन सहित आसपास के धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य शुरू कर दिया गया है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और प्रशासन मिलकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं। नवरात्रों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यात्रा मार्ग, भवन परिसर और अन्य स्थलों पर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सोमवार को दिनभर मौसम अधिकतर साफ रहा। दोपहर के समय आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे भवन की ओर जा रहे श्रद्धालुओं को गर्मी से कुछ राहत मिली। फिलहाल यात्रा बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से जारी है और श्रद्धालुओं को पानी, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

आंकड़ों के अनुसार, 8 मार्च को 21,600 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं 9 मार्च को शाम चार बजे तक लगभग 12,500 श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है।