शाओमी (Xiaomi) सर्विस सेंटर पर ग्राहकों से 'अवैध वसूली' का आरोप, बिना सर्विस के वसूला सर्विस चार्ज

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित शाओमी (Xiaomi) सर्विस सेंटर पर ग्राहकों को गुमराह करने और मनमाने पैसे वसूलने का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक ग्राहक ने सर्विस सेंटर के कर्मचारियों पर बिल में हेराफेरी और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कंपनी के उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने 'Fire TV' का नया रिमोट खरीदने के लिए बदायूं स्थित शाओमी सर्विस सेंटर पहुंचे थे। वहां मौजूद सर्विस सेंटर इंचार्ज जावेद ने बताया कि रिमोट स्टॉक में नहीं है और इसे ऑर्डर पर मंगवाना पड़ेगा। कीमत पूछने पर इंचार्ज ने स्पष्ट जानकारी न देते हुए रिमोट की कीमत लगभग 900 से 1000 रुपये के बीच बताई।

बिना सर्विस के जोड़ा 'सर्विस चार्ज'

हैरानी की बात यह है कि टीवी आउट-ऑफ-वॉरंटी होने के बावजूद ग्राहक से बिल मांगा गया और बिना कोई जॉब शीट दिए ऑर्डर लगा दिया गया। कुछ दिनों बाद जब ग्राहक रिमोट लेने पहुंचा, तो उनसे 1230 रुपये की मांग की गई।

जब ग्राहक ने पक्का बिल मांगा, तो 'प्रिंटर खराब है' का बहाना बनाकर उन्हें व्हाट्सएप पर बिल भेजने का आश्वासन दिया गया और गूगल पे (GPay) के जरिए पेमेंट ले ली गई।

बिल में बड़ा फर्जीवाड़ा और आंकड़ों का खेल

अगले दिन जब व्हाट्सएप पर हाथ से बना हुआ (मैन्युअल) बिल भेजा गया, तो धांधली की परतें खुल गईं:

रिमोट की असली कीमत: 699 रुपये।

अवैध सर्विस चार्ज: 350 रुपये (जबकि कोई मैकेनिक घर नहीं आया और न ही कोई रिपेयरिंग हुई)।

कुल राशि (GST सहित): 1211 रुपये।

वसूली गई राशि: 1230 रुपये (यानी बिल से भी 19 रुपये ज्यादा)।

डेटा के साथ छेड़छाड़ का भी आरोप

पीड़ित ने जब इसकी शिकायत शाओमी के हेल्पलाइन और ट्विटर (X) पर की, तो एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। कंपनी की ओर से बताया गया कि सर्विस सेंटर ने उनके टीवी की एक्टिवेशन डेट 2025 दिखाई है, जबकि ग्राहक ने टीवी 2023 में खरीदा था। इससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि सर्विस सेंटर वाले वारंटी डेटा के साथ छेड़छाड़ कर कंपनी और ग्राहकों को चूना लगा रहे हैं।

उच्चाधिकारियों से गुहार

पीड़ित ग्राहक का कहना है कि बदायूं सर्विस सेंटर मासूम ग्राहकों की आंखों में धूल झोंककर अवैध तरीके से पैसे वसूल रहा है। उन्होंने शाओमी इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि:

इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।

दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई हो।

ग्राहकों से की जा रही इस 'लूट' को तुरंत रोका जाए।

"अगर इसी तरह सर्विस सेंटर्स पर धांधली होती रही, तो जनता का भरोसा शाओमी जैसे ब्रांड से पूरी तरह खत्म हो जाएगा

? पीड़ित ग्राहक