हरदोई में घर में घुसकर युवक से मारपीट, थाने के गेट पर भी हमला, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र में दबंगों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने पहले घर में घुसकर युवक को पीटा और जब उसका भाई बचाने आया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, पीड़ित जब तहरीर देने थाने पहुंचा तो आरोपियों ने थाने के गेट के पास भी उसके साथ मारपीट कर दी। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार पिहानी कस्बे के मोहल्ला खुरमुली निवासी मोहम्मद जैद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। जैद का आरोप है कि कस्बे के मोहल्ला कोटकला निवासी गुड्डू, तौकीर, रईस, आमिर तथा मोहल्ला सब्जई नागर निवासी सारिक ने उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। जब उसका भाई कैफ बीच-बचाव के लिए आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा तो आरोपियों ने थाने के गेट के पास भी उसे घेरकर मारपीट की। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस ने उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय अपनी ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि पुलिस ने सुलह कराने के नाम पर यह कार्रवाई की है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने अपनी तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।