हरदोई में महिला ने ससुरालियों पर लगाया सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, बेहोशी की हालत में छोड़कर भागे, तीन हिरासत में

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 32 वर्षीय महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट की शिकायत पुलिस से की है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की सहमति से ससुर, देवर और नंदोई ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला का आरोप है कि घटना के दौरान उसकी सास और ननद ने उसके बच्चों को पकड़कर रखा और उन्हें धमकी दी कि यदि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। पीड़िता का कहना है कि वह मदद के लिए चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपियों को उस पर जरा भी तरस नहीं आया। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार घटना के दौरान वह बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी उसे अर्धनग्न अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराया गया।
इस मामले में क्षेत्राधिकारी हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि थाना लोनार पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र की एक महिला के साथ उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की और उसे कमरे में बंद कर दिया। महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल ससुर, सास और देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।