हरदोई में गन्ने से भरे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, 25 दिन पहले हुई थी शादी, होली की खुशियां मातम में बदली

हरदोई। जिले में होली के त्योहार के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। पिहानी थाना क्षेत्र में गन्ने से भरे ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार पिहानी थाना क्षेत्र के करीमनगर गांव निवासी रोहित कुशवाहा (पुत्र विजेंद्र कुशवाहा) बाइक से शाहाबाद तिराहे की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वह अपने ताऊ राजेंद्र की मिठाई की दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान डीएससीएल चीनी मिल की ओर गन्ना लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए उन्हें रौंदता हुआ निकल गया।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का पहिया रोहित के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को जानकारी दी।
बताया जा रहा है कि रोहित की शादी करीब 25 दिन पहले ही हुई थी। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही पिहानी कोतवाली पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।