महाराज सिंह पार्क में धूमधाम से हुआ होली मिलन समारोह

महाराज सिंह पार्क में धूमधाम से हुआ होली मिलन समारोह

#हरदोई

शहर के महाराज सिंह पार्क में परंपरागत होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में दलीय और जातीय बंधनों को तोड़ते हुए विभिन्न विचारधाराओं, जाति व धर्म से जुड़े लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर रंगों के इस पर्व की शुभकामनाएं दीं।

प्रदेश सरकार में आबकारी मंत्री #नितिन_अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता और आपसी सद्भाव को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश देता है।

समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष #सुखसागर_मिश्रा ने लोगों पर सेंट का स्प्रे कर पूरे वातावरण को खुशबू से सराबोर कर दिया, जिससे आयोजन में उत्साह और भी बढ़ गया। उपस्थित जनमानस ने अबीर-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर सुविख्यात चिकित्सक डॉ. राजेंद्र दत्त मिश्रा (गुरु जी), भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय, पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उमेश अग्रवाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, समाजसेवी, अधिवक्ता, व्यापारी नेता, शिक्षक संघ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकारगण मौजूद रहे।

लंबे समय से चली आ रही परंपरा के अंतर्गत आयोजित इस होली मिलन समारोह में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। सभी ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और हरदोई की गंगा-जमुनी तहज़ीब को और मजबूत बनाते हैं।

#HappyHoli