शत गायत्री पुनशरण महायज्ञ की कलश यात्रा में आचार्य महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती रहेंगे शामिल*

अजमेर।

पुष्कर में 8 मार्च से 19 अप्रैल तक आयोजित होने जा रहे 43 दिवसीय शत गायत्री पुनशरण महायज्ञ के अंतर्गत 8 मार्च 2026 को निकाली जाने वाली विशाल कलश यात्रा में आचार्य महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती महानिवाणी अखाड़ा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

सनातन धर्म रक्षा संघ अजयमेरु राजस्थान के अध्यक्ष अजय शर्मा पूर्व न्यायाधीश ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वीकृति अनुसार आचार्य महामंडलेश्वर 7 मार्च को वायु मार्ग से अहमदाबाद से किशनगढ़ एयरपोर्ट सायं 4 बजे पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर सनातन धर्म रक्षा संघ अजय मेरु राजस्थान तथा अन्य सनातनी संगठनों के सदस्य उनका स्वागत और अभिनंदन करेंगे। वहां से वाहन रैली के रूप में अजमेर स्थित चौरसिया वास प्रेम प्रकाश आश्रम पहुंचने पर महंत राम प्रकाश महाराज और उनके अनुयायियों द्वारा स्वागत किया जाएगा।

8 मार्च को सायं 4 बजे पुष्कर स्थित गायत्री महायज्ञ शाला स्थल से प्रखर जी महाराज के सानिध्य में कलश यात्रा धर्मघाट के लिए प्रस्थान करेगी। ब्रह्म घाट से कलश यात्रा का शुभारंभ होगा जो ब्रह्मा घाट, गऊघाट, वराह घाट, रंगजी के मंदिर, गुरुद्वारा, ब्रह्मा सावित्री, गायत्री वेद महाविद्यालय होते हुए पुनः यज्ञशाला पहुंचेगी जहां यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया जाएगा।

इस कलश यात्रा में हजारों की संख्या में मातृशक्ति द्वारा कलश धारण किए जाएंगे। घोड़े, बग्गियां, तीन बैंड तथा अनेक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यात्रा में देशभर से आए संत, लगभग दो हजार पंडित, पुष्कर के तीर्थ पुरोहित तथा हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहेगी। आयोजन समिति के अनुसार यह कलश यात्रा पुष्कर की अब तक की सबसे विशाल यात्राओं में से एक मानी जा रही है।