बेगूसराय में मंदिर में तोड़फोड़ से तनाव - बजरंगबली की मूर्ति क्षतिग्रस्त, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से हालात काबू में |

बेगुसराय ( बिहार )

संवाददाता सह ब्युरो हेड

अभिजीत कुमार झा

बिहार के बिहार के बेगूसराय शहर में आस्था को ठेस पहुँचाने वाली एक घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया मोहल्ला (वार्ड संख्या 37) स्थित एक प्राचीन मंदिर में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने घुसकर बजरंगबली की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद सुबह स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात को नियंत्रित कर लिया गया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, देर रात कुछ युवक मंदिर परिसर में दाखिल हुए। आशंका जताई जा रही है कि वे नशे की हालत में थे। आरोप है कि उन्होंने मंदिर में हंगामा किया और बजरंगबली की मूर्ति की नाक को क्षतिग्रस्त कर दिया।

सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मूर्ति की स्थिति देखकर आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना की सुचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया,

?सुबह सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

?जांच और सुरक्षा व्यवस्था पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। एहतियातन इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं।