हरदोई में जय भारत ईंट भट्ठे से लकड़ी चोरी का वीडियो वायरल, गुंडई और दबंगई के बलबूते हुई चोरी, कार्रवाई न होने का आरोप

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के सधई बेहटा स्थित जय भारत ईंट भट्ठे पर लकड़ी चोरी का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग भट्ठे परिसर में घुसते दिखाई दे रहे हैं।
किशनपुरवा निवासी चौकीदार रामलड़ैते ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 2 मार्च की रात करीब 10:25 बजे वह भट्ठे के कार्यालय में सो रहा था। इसी दौरान दुर्गेश, सत्यम समेत करीब 25 अज्ञात लोग दीवार फांदकर परिसर में घुस आए। आरोप है कि दबंगई दिखाते हुए वे लगभग 25 कुंतल लकड़ी उठा ले गए।
चौकीदार के अनुसार, जब उसने और उसके साथी ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो उन्हें धमकाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। पूरी घटना भट्ठे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। उसी आधार पर शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बाद भी अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे वह भयभीत है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।