हरदोई में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आठ घायल, घास छीलने को लेकर हुआ विवाद

हरदोई। जिले के सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचकोहरा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में कुल आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुरसा में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा रही कि मौजूदा प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष के बीच तनाव के चलते झड़प हुई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया, जिससे कई लोग लहूलुहान हो गए। बताया जा रहा है कि मौजूदा प्रधान पक्ष के सात लोग घायल हुए हैं।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में बताया कि विवाद की शुरुआत दो पक्षों की महिलाओं के बीच घास छीलने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी, जो बाद में बढ़कर मारपीट में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी सुरसा भिजवाया गया।
सीओ सिटी के अनुसार, सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। अब तक चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।