होली से पहले हरदोई में फ्लैग मार्च, डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जिले को दो जोन 25 सेक्टर, 167 क्लस्टर मोबाइल इकाइयों में बांटा गया

हरदोई। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। डीएम और एसपी अशोक कुमार मीणा ने भारी पुलिस बल के साथ शहर के संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त व फ्लैग मार्च किया। उनके साथ एएसपी, सीओ और विभिन्न थानों के प्रभारियों ने भी थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
एसपी ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि पूरे जिले को सुरक्षा की दृष्टि से दो जोन, 25 सेक्टर और 167 क्लस्टर मोबाइल इकाइयों में बांटा गया है। पीएसी, क्यूआरटी और रिजर्व फोर्स को भी तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों और पूर्व में चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में होली या अन्य त्योहारों से जुड़े मामलों में चिह्नित करीब 18 हजार लोगों को पाबंद किया गया है और अराजक तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें 2 से 5 तारीख तक पड़ने वाले त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए अलर्ट मोड पर हैं।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए क्रिटिकल कॉरिडोर टीम, ट्रैफिक पुलिस और थानों की टीमें संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। गलत तरीके से बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही "ड्रिंक एंड ड्राइव" अभियान के तहत ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।