हरदोई में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक सभा, लोगों ने जताई श्रद्धांजलि, कहा- वो हमारे रहबर थे, हमें बेसहारा कर गए

हरदोई। जिले के पिहानी कस्बे में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई के निधन पर शोक सभा निकाली गई। ईरानी राज्य मीडिया और अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में बताया गया है कि अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों में खामनेई की मौत हो गई है और उसके बाद ईरान ने राष्ट्रीय स्तर पर 40 दिनों का शोक घोषित किया है, जबकि वैश्विक स्तर पर भी प्रदर्शन की खबरें चर्चा में हैं।
पिहानी में शिया, सुन्नी और हिंदू समुदाय के लोगों ने बब्बे मियां के फाटक पर एकत्र होकर खामनेई के प्रति खिराज-ए-अकीदत (श्रद्धांजलि) पेश की। सैकड़ों पुरुष और महिलाएं जुलूस में जमा रहे और खामनेई के निधन पर आंसू बहाते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में लोगों ने कहा कि उनके सुप्रीम लीडर की मौत बहुत दुःखद है और इस ख़बर से वे गहरे शोक में हैं।
स्थानीय लोगों का कहना था कि कई दशकों तक ईरान के नेता रहने वाले खामनेई ने अपनी भूमिका निभाई और उनके निधन से उनके अनुयायियों को भारी दुःख हुआ है। ईरानी मीडिया एवं वैश्विक समाचार एजेंसियों के अनुसार खामनेई की मौत से क्षेत्रीय राजनीति और भू-राजनीति में बड़े बदलाव की आशंका भी जताई जा रही है।
पिहानी में आयोजित शोक सभा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोग संयुक्त रूप से मौजूद रहे तथा शांतिपूर्ण ढंग से अपने विचार व्यक्त किए।