गलत स्लोगन पर घिरी हरदोई की बिलग्राम नगर पालिका, सोशल मीडिया पर उड़ रहा विज्ञापन का मज़ाक, यूजर्स ने कार्यशैली पर खड़े किए सवाल

हरदोई। जनपद के बिलग्राम नगर पालिका परिषद का एक विज्ञापन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। नगर पालिका द्वारा दीवार पर लिखे गए स्लोगन को लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है और उसका मज़ाक उड़ाया जा रहा है।
वायरल वीडियो में दीवार लिखा हुआ दिखाई दे रहा है कि
"हम सबको जागरूकता होना चाहिए,
प्लास्टिक प्रदूषण से देश महान होना चाहिए।"
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेषकर फेसबुक पर स्थानीय लोगों ने इस स्लोगन को व्याकरणिक रूप से गलत और अर्थ के लिहाज से उल्टा बताया है। लोगों का कहना है कि संदेश का आशय प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति या रोकथाम होना चाहिए था, जबकि लिखे गए वाक्य से विपरीत अर्थ निकल रहा है। कई यूजर्स ने इसे लापरवाही बताते हुए नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, जनजागरूकता अभियान में भाषा और संदेश की स्पष्टता बेहद जरूरी होती है। गलत शब्दों के प्रयोग से न केवल उद्देश्य प्रभावित होता है, बल्कि संस्था की छवि पर भी असर पड़ता है।
हालांकि, इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामला तूल पकड़ने के बाद लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विज्ञापन में सुधार किया जाएगा और भविष्य में ऐसे अभियानों में अधिक सावधानी बरती जाएगी।