एटा: अवागढ़ की हिनौना ग्राम पंचायत पर जड़ा ताला, लाखों की लागत से निर्मित भवन बना शोपीस, सालों से खराब पड़ा हैंडपंप, सेक्रेटरी व प्रधान नदारद।

*एटा: अवागढ़ की हिनौना ग्राम पंचायत पर जड़ा ताला, लाखों रुपए की लागत से निर्मित भवन बना शोपीस, सालों से हैंडपंप खराब, सचिव प्रधान नदारद।*


सचिव?प्रधान नदारद, सालों से खराब हैंडपंप; सफाईकर्मी भी गायब, जनता भटकने को मजबूर।


एटा/अवागढ़। विकास खंड अवागढ़ की हिनौना ग्राम पंचायत में अव्यवस्थाओं का आलम यह है कि पंचायत भवन पर महीनों से ताला लटका हुआ है। लाखों रुपये की लागत से जनता की सुविधा के लिए निर्मित यह भवन अब शोपीस बनकर रह गया है। भवन की हालत देखकर साफ प्रतीत होता है कि लंबे समय से यहां नियमित रूप से ताला नहीं खोला गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि न तो ग्राम पंचायत हिनोना के सचिव यहां बैठते हैं और न ही ग्राम प्रधान की नियमित उपस्थिति रहती है। पंचायत से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को अवागढ़ या प्रधान के घर के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पंचायत भवन परिसर में गंदगी का अंबार लगा है। दीवारों में दरारें पड़ चुकी हैं और साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नजर नहीं आती। सफाईकर्मी भी मौके से नदारद रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब कभी किसी अधिकारी के निरीक्षण की सूचना मिलती है, तभी आनन-फानन में रंग-रोगन और साफ-सफाई कर भवन को तैयार किया जाता है, उसके बाद फिर वही हालात बन जाते हैं।
सबसे चिंताजनक स्थिति पंचायत भवन परिसर में लगे हैंडपंप की है, जो वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। पेयजल की सुविधा के लिए लगाया गया यह हैंडपंप अब केवल दिखावा बनकर रह गया है। ग्रामीणों को पानी के लिए अन्य स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है। कई बार शिकायत के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पंचायत भवन को नियमित रूप से संचालित कराने, सचिव और प्रधान की उपस्थिति सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंप को तत्काल ठीक कराने तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जनता की गाढ़ी कमाई से बने इस भवन और सुविधाओं का लाभ आमजन को मिलना चाहिए, न कि यह सब बदहाली का शिकार होकर ताले में बंद पड़ा रहे।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर कब संज्ञान लेता है और हिनौना ग्राम पंचायत की व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


रिपोर्ट: रमेश जादौन एटा।