हरदोई में ओम आयुर्वेदिक कंपनी पर छापा, क्षमता से अधिक भांग बरामद, संयुक्त टीम की छापेमार कार्रवाई से हड़कंप

हरदोई। शहर के सर्कुलर रोड स्थित ओम आयुर्वेदिक कंपनी पर जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में भांग बरामद की गई, जो निर्धारित भंडारण क्षमता से कहीं अधिक बताई जा रही है।
छापेमारी में आबकारी विभाग, सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी समेत पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने मौके पर एक ट्रक में लदी भांग की खेप पकड़ी। दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि कंपनी को वार्षिक रूप से लगभग 15 कुंतल भांग भंडारण की अनुमति है, जबकि परिसर में करीब 40 कुंतल भांग स्टोर पाई गई।
प्रथम दृष्टया यह मामला निर्धारित क्षमता से अधिक भंडारण का प्रतीत हो रहा है। अधिकारियों ने कंपनी के अभिलेखों और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों का मिलान शुरू कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुनील त्रिवेदी ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बरामद भांग को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित कराया है। साथ ही कंपनी के जिम्मेदार व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
फिलहाल जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।