रेलवे की तैयारी: होली पर जोधपुर-मऊ स्पेशल ट्रेन रविवार से

रेलवे की तैयारी: होली पर जोधपुर-मऊ स्पेशल ट्रेन रविवार से

मेड़ता रोड-जयपुर-कानपुर-अयोध्या धाम से गुजरेगी

जोधपुर। होली पर्व के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। जोधपुर से मऊ के बीच होली स्पेशल ट्रेन का रविवार से संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। यह साप्ताहिक ट्रेन 1 मार्च से प्रारंभ होकर 31 मार्च तक कुल 5 ट्रिप करेगी।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि होली के अवसर पर ट्रेनों में बढ़ने वाली अतिरिक्त यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 04823/04824 जोधपुर-मऊ-जोधपुर होली स्पेशल चलाई जा रही है, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 04823 जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल 1 मार्च से 29 मार्च तक प्रत्येक रविवार को जोधपुर से शाम 5 बजे प्रस्थान कर सोमवार रात 11.20 बजे मऊ पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04824 मऊ-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 3 मार्च से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार सुबह 4 बजे मऊ से रवाना होकर बुधवार सुबह 8.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में 2 सेकंड एसी,4 थर्ड एसी,8 स्लीपर,4 जनरल तथा 2 गार्ड एसएलआर सहित कुल 20 डिब्बे लगाए जाएंगे।

इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार यह होली स्पेशल ट्रेन पीपाड़ रोड,गोटन,मेड़ता रोड,रेन,डेगाना,मकराना,कुचामन सिटी,नावा सिटी,फुलेरा,जयपुर,बांदीकुई,मंडावर महवा रोड,खेरली,नदबई,भरतपुर,मथुरा, हाथरस,कासगंज,फर्रुखाबाद,कन्नौज,कानपुर सेंट्रल,लखनऊ चारबाग,अयोध्या कैंट,अयोध्या धाम,शाहगंज,खोरासन रोड,आजमगढ़ तथा मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी।