अलीनगर थाना क्षेत्र में तेल चोरी के संगठित नेटवर्क का खुलासा, आठ गिरफ्तार

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में टैंकरों से तेल चोरी के एक कथित संगठित नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार अलीनगर क्षेत्र में टैंकरों से अवैध रूप से तेल निकालकर ड्रमों में संग्रहित करने और बाद में ऊंचे दामों पर बेचने की शिकायतें उच्च अधिकारियों तक पहुंची थीं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए वाराणसी जोन के एडीजी के निर्देश पर सात सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया गया।

इंस्पेक्टर भैरव नाथ यादव के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के चार अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक हजार लीटर से अधिक संदिग्ध चोरी का तेल बरामद करने का दावा किया है। साथ ही टैंकरों से तेल निकालने में प्रयुक्त उपकरण, ड्रम, दो टैंकर, एक ऑल्टो कार और एक वैगनआर कार भी कब्जे में ली गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों कारों से तेल भरे ड्रम भी बरामद हुए हैं

कार्रवाई के दौरान आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ साक्ष्य के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, गिरफ्तार किए गए आरोपितों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि विस्तृत पूछताछ के बाद पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।