पत्रकार बनकर ब्लैकमेलिंग, दो आरोपियों पर केस दर्ज

राजगढ़। राजगढ़ पुलिस द्वारा अवैध वसूली एवं ब्लैकमेलिंग जैसे अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। अमित तोलानी (पुलिस अधीक्षक, राजगढ़) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे एवं एसडीओपी सारंगपुर श्री अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 26 फरवरी 2026 को आवेदक अच्छू वेग (30 वर्ष), निवासी ग्राम तुर्कीपुरा सींका, थाना तलेन, जिला राजगढ़ ने थाना तलेन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार कालापीपल (जिला शाजापुर) निवासी विश्वास चंद्रवंशी एवं धर्मेंद्र बामनिया ने स्वयं को भोपाल का पत्रकार बताते हुए पंचायत की छवि खराब करने और समाचार प्रकाशित कर बदनाम करने की धमकी देकर अवैध रूप से रुपए की मांग की।आवेदक के मुताबिक आरोपियों ने पहले ₹5,000 की मांग की। भयवश उसने दो किस्तों में ₹2,000?₹2,000, कुल ₹4,000 फोन-पे के माध्यम से बताए गए मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर किए। शिकायत के साथ मोबाइल वार्ता की रिकॉर्डिंग एवं फोन-पे ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी प्रस्तुत किए गए हैं।पुलिस ने मामले में विश्वास चंद्रवंशी एवं धर्मेंद्र बामनिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 39/26 धारा 308(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। साक्ष्य संकलन की कार्रवाई जारी है तथा आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वही राजगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति छवि खराब करने, झूठी खबर प्रकाशित करने या किसी अन्य प्रकार की धमकी देकर रुपए की मांग करता है तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें।