महिला कोटेदार से अभद्रता के विरोध में प्रदर्शन, एसडीएम शाहाबाद को सौंपा ज्ञापन, कार्यवाही न होने पर बड़े प्रदर्शन की चेतावनी

हरदोई। जिले की शाहाबाद तहसील में महिला कोटेदार से अभद्रता और अवैध वसूली के दबाव के विरोध में सैकड़ों उचित दर विक्रेताओं ने प्रदर्शन किया। तीन दिन पूर्व शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज कोटेदारों ने एसडीएम शाहाबाद को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आरोप है कि भदेवना गांव की कोटेदार सीमा देवी 25 फरवरी को शाहाबाद आपूर्ति कार्यालय में बैठक के लिए गई थी। इसी दौरान किसान यूनियन से जुड़े बताए जा रहे सत्यवीर और गोलू ने उन पर सप्लाई इंस्पेक्टर पर 6 हजार रुपये लेने का आरोप लगाने और वीडियो बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर गाली-गलौज और अभद्रता की गई। सीमा देवी ने इस संबंध में बुधवार 25 फरवरी को शाहाबाद कोतवाली में तहरीर भी दी है। फिर भी कोई कार्यवाही न होने से कोटेदारों में आक्रोश फैल गया।
कोटेदारों का कहना है कि कुछ तथाकथित किसान संगठनों द्वारा दुकानों पर पहुंचकर अनियमितता के आरोप लगाने, वीडियो वायरल करने और खबरें छपवाने की धमकी देकर मासिक अवैध वसूली का दबाव बनाया जा रहा है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली का कार्य प्रभावित हो रहा है और कार्डधारकों को राशन वितरण में बाधा उत्पन्न हो रही है।
सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार अवस्थी, ज्ञानेंद्र सिंह 'ज्ञानी', रविकांत तिवारी, मुईद अहमद, जहीरूद्दीन मंसूरी और रोहित कुमार सहित बड़ी संख्या में कोटेदार मौजूद रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे दुकानें बंद कर धरना-प्रदर्शन करेंगे। एसडीएम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।