हरदोई में नुमाइश मेला देखकर लौट रहे युवकों को डंपर ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा लखनऊ रेफर

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में नुमाइश मेला देखकर घर लौट रहे दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसा शहर कोतवाली गेट के पास हुआ, जहां पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बिस्कुला गांव निवासी रामजी और अजय पाल गुरुवार को मोपेड से हरदोई में नुमाइश मेला देखने आए थे। देर शाम मेला देखकर दोनों घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे शहर कोतवाली गेट के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए डंपर ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान डंपर का पहिया रामजी के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अजय पाल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे में शामिल डंपर को भी कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।