हरदोई में दुकानदार से विवाद का वीडियो वायरल, महिलाओं व युवकों पर दबंगई का आरोप, दुकान में रखा सामान फेंका

हरदोई। जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के बाजार में हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक और महिलाएं एक दुकान पर हंगामा करते और सामान फेंकते नजर आ रहे हैं, जिससे बाजार में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
दुकानदार सौरभ गुप्ता का आरोप है कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान शाम करीब छह बजे कुछ युवक वहां पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाने लगे। सौरभ के अनुसार, थोड़ी देर बाद वही युवक कुछ महिलाओं और लड़कियों के साथ दोबारा आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने दुकानदार पर दुकान से नीचे उतरने का दबाव बनाया। जब उन्होंने इनकार किया तो महिलाओं और लड़कियों ने मिलकर दुकान का सामान नीचे फेंक दिया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना का वीडियो आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया। पीड़ित ने बिलग्राम पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बाजार में तनाव की स्थिति नहीं है, लेकिन घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।