सीएसएन पीजी कॉलेज की हीरक जयंती में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ताजा की यादें, छात्रों को दिया सकारात्मक सोच का संदेश, बोले- कई उतार चढ़ाव के बाद भी हरदोई नहीं बदला

हरदोई। जिले के सीएसएन पीजी कॉलेज में आयोजित हीरक जयंती समारोह के समापन अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में हरदोईया भाषा का प्रयोग करते हुए कॉलेज और शहर से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को साझा किया।
डिप्टी सीएम ने कॉलेज के संस्थापक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहनलाल वर्मा को नमन करते हुए कहा कि उनके परिवार से आत्मीय संबंध रहे हैं और वे बचपन में अपने पिता के साथ यहां आया करते थे। उन्होंने कहा कि समय के साथ हरदोई में कई उतार-चढ़ाव आए, लेकिन शहर की पहचान और आत्मा हमेशा कायम रही। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने परिवहन और बिजली व्यवस्था की कठिनाइयों का भी उल्लेख किया।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे यहां भाषण देने नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने दलेलनगर, बावन, बालामऊ, कछौना समेत ग्रामीण क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और शिक्षकों से संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने इतिहास और विज्ञान दोनों विषयों के संतुलित अध्ययन पर जोर देते हुए सूरदास, कबीर और रहीम के दोहों से प्रेरणा लेने की बात कही। साथ ही चंद्रशेखर आजाद का स्मरण करते हुए युवाओं से महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने से सफलता अवश्य मिलती है। समारोह के अंत में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। हालांकि इन सबके बीच जिले के मंत्री, विधायक और जिलाध्यक्ष तक का मंच पर न पहुंचना, चर्चा का विषय बना हैं। कार्यक्रम में एमएलसी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा, प्राचार्य कौशलेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।