अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने किया जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने किया जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित स्टेशन पर मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जैसलमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मेगा री-डेवलपमेंट के अंतर्गत पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया, एयर कॉनकोर्स, रिटायरिंग रूम तथा डॉरमेट्री, लिफ्ट, एस्केलेटर्स और कार्यालयों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि मेगा री-डेवलपमेंट योजना के तहत विकसित हो रहा जैसलमेर रेलवे स्टेशन अपनी हेरिटेज स्टेशन बिल्डिंग एवं आधुनिक यात्री सुविधाओं के कारण नई पहचान स्थापित करेगा। 140 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित यह स्टेशन एयरपोर्ट जैसी उच्च स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा। पर्यटन एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने जानकारी दी कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 10 लिफ्ट एवं 10 एस्केलेटर लगाए गए हैं। प्लेटफार्मों के बीच सुगम आवागमन हेतु 6 मीटर चौड़ाई वाले दो नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया गया है। तीनों प्लेटफार्मों पर 10,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र को प्लेटफार्म शेल्टर से आच्छादित किया गया है। इसके अतिरिक्त विशाल सर्कुलेटिंग एरिया एवं एयर कॉनकोर्स का विकास किया गया है, जिसमें 480 वर्ग मीटर क्षेत्र वाणिज्यिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (बिजली) नीतीश कुमार, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विक्रम सिंह, मंडल इंजीनियर (दूरसंचार) शुभम यादव एवं स्टेशन अधीक्षक पंकज झा सहित संबंधित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।