जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस गुरुवार से नए सुपरफास्ट नंबरों के साथ चलेगी

जोधपुर। सुपरफास्ट श्रेणी में क्रमोन्नत किए जाने के बाद जोधपुर-बेंगलुरु द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस अब नए नंबरों के साथ संचालित होगी। गुरुवार 26 फरवरी से यह ट्रेन जोधपुर से नए सुपरफास्ट नंबर के साथ रवाना होगी,जबकि सोमवार को बेंगलुरु से प्रस्थान करने वाली ट्रेन भी परिवर्तित नंबर के साथ बुधवार को जोधपुर पहुंच चुकी है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा ट्रेन संख्या 16507/16508 जोधपुर-बेंगलुरु द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के नंबरों में बदलाव किया गया है। इसके तहत ट्रेन संख्या 16507 जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस अब 26 फरवरी गुरुवार से नए सुपरफास्ट नंबर 20693 के साथ संचालित की जाएगी।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 16508 बेंगलुरु-जोधपुर एक्सप्रेस का नंबर भी बदलकर 20694 कर दिया गया है।

यह महत्वपूर्ण लंबी दूरी की रेल सेवा जोधपुर से सप्ताह में दो दिन गुरुवार और शनिवार को तथा बेंगलुरु से सोमवार और बुधवार को संचालित होती है। यह ट्रेन राजस्थान,गुजरात,महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों से होकर गुजरती है, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को आवागमन की सुविधा मिलती है।

उन्होंने बताया कि इस ट्रेन को सुपरफास्ट श्रेणी में शामिल किए जाने से यात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधा का लाभ मिलेगा।

यात्रियों से रेलवे की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय तथा टिकट बुकिंग से पहले नए ट्रेन नंबरों की जानकारी अवश्य जांच लें,ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।