हरदोई में तेज रफ्तार कार ने बेहटा गोकुल थाने के गेट में मारी टक्कर, चालक व सवार नशे में, जांच शुरू

हरदोई। जिले के बेहटा गोकुल थाने के मुख्य द्वार पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि थाने के गेट का हिस्सा और बाउंड्री वाल क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय कार में सवार लोग कथित रूप से शराब के नशे में बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे थाने के गेट से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति संभाली और कार सवारों को हिरासत में लिया। प्राथमिक जांच में चालक व अन्य सवारों के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक वाहन लखनऊ निवासी श्रेयांश के नाम से पंजीकृत है। कार को थाने परिसर में खड़ा कर लिया गया है और संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। घटना के कारण कुछ समय के लिए थाने के बाहर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
वहीं, स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि मामले में सख्त कार्रवाई के बजाय समझौते की कोशिश की जा रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।