हरदोई में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, तीन गंभीर घायल, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के नेवादा गांव में कई दिन पहले हुए विवाद ने रविवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग की भी सूचना है। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दिन पूर्व हुए विवाद की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन सुरसा थानेदार द्वारा समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि यदि प्रारंभिक स्तर पर सतर्कता बरती जाती तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती। ग्रामीणों का कहना है कि रविवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान अवैध तमंचे से गोली चलने की भी बात सामने आई है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच झड़प देखी जा सकती है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सूचना दिए जाने के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जिससे हालात बिगड़ गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।