हरदोई में शादी समारोह में युवक के अपहरण की कोशिश, CCTV में कैद घटना, लोगों ने एक आरोपी को पकड़ा

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलर रोड स्थित नारायण धाम मैरिज लॉन में आयोजित एक वैवाहिक समारोह के दौरान युवक के साथ मारपीट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी प्रखर अग्निहोत्री समारोह से अपने घर लौट रहे थे। आरोप है कि मैरिज लॉन की गैलरी में रानू राजवंशी, अभय ठाकुर, निखिल पंडित, प्रभात पंडित समेत 8-10 युवकों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित के मुताबिक कुछ युवकों के हाथों में डंडे और अवैध असलहे थे। आरोप है कि पहले उनकी पिटाई की गई और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया गया।
युवक के शोर मचाने पर समारोह में मौजूद बाराती और जनाती मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से भागने लगे। पूरी घटना मैरिज लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में कुछ युवक भागते और लोगों को उनके पीछे दौड़ते देखा जा सकता है।
मौके से प्रभात पंडित नामक एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।